
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में दो पहिया पीआरवी वाहन 112 की पांच नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाने के लिए रवाना किया। यह पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और गश्त क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में भी आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की पहुँच को और अधिक त्वरित बनाना है। एसपी ने बताया कि बाइक पीआरवी 112 की रिस्पांस टाइम में और कमी आएगी, जिससे जनता को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। डा.ईरज राजा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दो पहिया पीआरवी 112 की इन नई गाड़ियों के आने से पुलिस की कार्यक्षमता और बढ़ेगी, जिससे हम जनता को बेहतर एवं त्वरित सेवा प्रदान करने में सक्षम होंगे।




