
रेवतीपुर (गाजीपुर)। डेढ़गावां गांव में मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े कार्यों की प्रगति पदाधिकारियों एवं बीएलओ के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली और सभी संबंधितों को अपने-अपने फॉर्म समय से भरकर जमा करने के निर्देश दिए।जिलाध्यक्ष ने बूथ संख्या 387 की अद्यतन स्थिति पर बूथ अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए बूथ प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्यों को पूरी गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।ओमप्रकाश राय ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना है, जिससे केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में शामिल रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र भारतीय मतदाता के अधिकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। एसआईआर का लक्ष्य केवल घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर करना है। उन्होंने कहा कि जो दल या नेता घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाने का विरोध कर रहे हैं, वे देशहित के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं।जिलाध्यक्ष ने बूथ पर निवास करने वाले त्रिदेव बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी एवं बूथ प्रवासी सहित बूथ समिति के सदस्यों से अपील की कि वे बीएलओ एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर मतदाताओं की हरसंभव सहायता करें, ताकि कोई भी पात्र वोटर मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। इससे पूर्व उन्होंने कार्यकर्ताओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर नए मतदाता बनाने का आह्वान किया, जिससे लोकतंत्र को और अधिक मजबूती मिल सके। इस मौके पर हरिपाल राय, बूथ प्रमुख संतोष सिंह कुशवाहा, सोनू कुशवाहा, संजय सिंह, रामजी कुशवाहा, नंद सिंह, कमलकांत उपाध्याय, मोहन राय सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




