Friday, July 24, 2026

Top 5 This Week

spot_img

हाईटेंशन तार के नीचे न हो पूजा पंडाल

गाजीपुर। आगामी त्यौहार नवरात्रि, दशहरा दिपावली एवं छठ पूजा को लेकर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ईरज राजा की अध्यक्षता में पुलिस लाईन सभागार में सभी धर्मगुरूओं एवं संभ्रान्त नागरिको के साथ हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्यौहारों का एक ही मकसद होता है कि दूसरों की भावनाओं को आहत किये बिना हर्षोंल्लास के साथ त्यौहार मनायें। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में दुर्गा पूजा पण्डाल निर्धारित स्थलो पर ही स्थापित किये जाय। इसके लिए पण्डाल समिति अपने-अपने आंतरिक व्यवस्थाएं पूर्व में सुनिश्चित कर ले तथा जिन्होने परमिशन नही लिया है वो लिखित रूप से सम्बन्धित अधिकारी से परमिशन लेकर दिये गये शर्तो का पालन अवश्य करेगे। पण्डाल के सजावट के दौरान अत्यन्त ज्वलनशील वस्तुओ का प्रयोग न किया जाये और न ही पण्डाल किसी हाईटेशन तार के नीचे बनाया जाय। पण्डाल में प्रवेश व निकास द्वार के लिए स्थान रहे। सड़क पर पण्डाल न लगाया जाय। पण्डाल में रेत, पानी, सीसी टीवी कैमरा की व्यवस्था अवश्य रहे।  उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पण्डाल के नाम पर कोई भी अन्य नया कार्य न हो, पण्डाल में अश्लील गाने कदापि न बजे, न ही आरकेस्ट्रा का आयोजन हो। पण्डाल स्थल पर महिला एव पुरूषो के लिए अलग-अलग लाईन लगायी जाये। उन्होने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार के समय अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। विद्युत विभाग के अधिकारी को जर्जर तार, खम्भे, विद्युत आपूर्ति को सही कराने तथा विसर्जन के दौरान रास्तो पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एवं लटके हुए जर्जर तारो को प्राथमिकता के तौर पर सही कराने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबन्द रहेगी और सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि विभिन्न पण्डालों पर महिला सुरक्षा कर्मियो की भी तैनाती की जायेगी। पण्डालो एवं अन्य स्थानो पर शस्त्रो का प्रदर्शन पूर्णतया वर्जित रहेगा।   बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार , अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाप्रभारी, सम्बन्धित अधिकारीगण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित गणमान्य नगारिक एवं धर्म गुरू, दुर्गा पूजा समिति के आयोजक उपस्थित थे।

Popular Articles