
गाजीपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में पुलिस अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सुनवाई किया। सुनवाई के दौरान सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार की मन्शा के अनुसार महिला आयोग पूरी तरह से महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं अन्य किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न्याय दिलाने के लिए संवेदनशील है। विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं/बालिकाओं की भागीदारी मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होने कहा कि आयोग में सुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं का गहन विश्लेषण कर अन्य संबंधित अधिकारियों के सहयोग से उचित कार्यवाही कर उसका समाधान करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। सुनवाई के दौरान सदस्य महिला आयोग के समक्ष महिला उत्पीड़न से सम्बंधित अनेक प्रकरण आया। जिस पर उन्होने उपस्थित अधिकारियों को मामले की जांच करवाकर कार्यवाही करते हुए न्याय दिलाने के लिए निर्देशित किया। जिसमें नौ प्रकरण आए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रकरण में यथाशीघ्र कार्रवाई के लिए निर्देशित किया । जनसुनवाई के बाद उन्होने मीरनपुर सक्का, सदर विकास खंड के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां दो गर्भवती माताओं का गोद भराई तथा एक नवजात बच्चे का अन्न प्रासन कराया । गर्भवती महिलाओ को फल की टोकरी देकर उनका गोद भराई किया गया। जनसुनवाई के समय पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी, और अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।




