
जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे शातिर गो-तस्कर को 14 नवंबर को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक खोखा, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है। घायल गो-तस्कर को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जानकारी के अनुसार कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह टीम के साथ दिलदारनगर रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भोर में एक युवक बिना नंबर प्लेट बाइक से आ रहा था। पुलिस को संदिग्ध होने पर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह ने इसकी सूचना जमानियां चौकी प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम नहर पुलिया दिलाचवर मोड़ के पास घेराबंदी कर दिया। अपने को घिरा देख बाइक सवार बदमाश तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस अपने को बचाते हुए गोली चलाया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे सीएससी बरूईन उपचार के लिए भेजा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बहिरयाबाद के लछीरामपुर गांव निवासी सभाजीत उर्फ़ शालू यादव बताया। प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया वह लंबे समय से गो-तस्करी एवं अन्य अपराधों में शामिल रहा है।इसकी तलाश काफी दिनों से की जा रही थी।




