
गाजीपुर। राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 गौरवशाली वर्ष पूरा होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । 1875 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित, देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष होने पर पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा व एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद की मौजूदगी में राष्ट्रीय गीत गाया गया। इसके बाद एसपी ने राष्ट्रीय गीत के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी । एसपी ने कहा कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने वाला यह अमर गीत युगों-युगों तक हम सभी को देशहित के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता रहेगा । वंदे मातरम् एक गीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के हृदय में अविरल बहने वाला वह भाव तथा उस अमर आत्मा का प्रतीक है, जो करोड़ों भारतीयों के हृदय में जोश, त्याग, समर्पण और देश प्रेम की ज्वाला प्रज्ज्वलित करता है। इस गौरवशाली 150 वें वर्ष को गर्व और उत्साह के साथ मनाएं और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाएं। इसके बाद उन्होने पुलिस कर्मियों के साथ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के प्रधानमंत्री मोदी के लाइव प्रसारण को देखा। इसी क्रम में सभी थानों पर राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन किया गया और प्रधानमंत्री मोदी का लाइव भी देखा गया।




