
गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण के तहत सिटी स्टेशन स्थित जीआरपी थाना में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग की कक्षा 6 की छात्रा कु मनीषी एक दिन की थानाध्यक्ष बनी। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं व युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करना था। कु0 मनीषी ने कहा कि आज की बेटियों को डरने की बजाय आत्मरक्षा में निपुण बनना चाहिए। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों को बारीकी से समझा। उन्होने स्टेशन परिसर से गुजरने वाली छात्राओं को सुरक्षा के संबंध में आदेशित किया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने यात्रियों और रेलकर्मियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सहित अन्य सेवाओं की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में तत्काल सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।इस अवसर पर जीआरपी थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह उपनिरीक्षक पवन कुमार, महिला कांसटेबल सुमित्रा पटेल, कांस्टेबल रणबीर प्रसाद सहित थाना स्टाफ, यात्री, रेलकर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने महिला सुरक्षा और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए मिलकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




