
गाजीपुर। जमानियां तहसील के गरुआ मकसूदपुर समेत कई गांवों के लोगों ने गंगा में पीपा पुल बनाने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार को संबोधित पत्रक सौंपा। पुल नहीं होने से जिला मुख्यालय आने में दूरी और होने वाली समस्याओं के बारे में बताया। पूर्व प्रधान संजय उर्फ मंटू राय ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या इलाज की है। जिले का सदर अस्पताल जब से गोरा बाजार चला गया है तब से गंगा पार के लोगों को आकस्मिक आवश्यकता पड़ जाने पर हमीद सेतु से होकर आना पड़ता है। इससे समय अधिक लगता है और जाम की समस्या भी झेलनी पड़ती है। 20 किलोमीटर की दूरी हो जाती है। इसके साथ ही पीजी कॉलेज, सहजानंद पीजी कॉलेज जाने वाले छात्र- छात्राओं को भी अधिक दूरी तय करनी होती है। मंटू राय ने कहा कि सब्जी की खेती करने वाले किसानों को फसल ले जाने में भी समस्याएं आती हैं। ऐसे में गाजीपुर शहर के गोराबाजार में गंगा नदी पर एक पीपा पुल का निर्माण करा दिया जाए तो लोगों की सारी समस्या दूर हो जाएगी। महज दो से तीन किलोमीटर की दूरी तय करके लोग अपना काम कर सकेंगे। पत्रक सौंपने वालों में विनोद उपाध्याय, मुकेश राय, रूबल राय, मंजेश राय, बृजेश पाल, राम भाई, प्रदीप राय, राहुल राय, संगम राय, राजू गुप्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।




