
करंडा (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा गांव में शुक्रवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने आरएसएस का स्वयंसेवक राजेश मिश्रा हत्याकांड के मुख्य गवाह अमितेश मिश्रा के ऊपर ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे। संयोग रहा कि वह बाल बाल बच गये। सुरक्षात्मक जबाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। ग्रामीणों ने दौड़ाकर धर दबोचा। दो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गाज़ीपुर-चोचकपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस मामले में पीडित अमितेश ने थाना में नामजद तहरीर दिया है। बताया जाता है कि अमितेश मिश्रा रोज की तरह दुकान पर जा रहे थे। वह घर के पास पट्टीदार योगेश दुबे के घर के बाहर बैठकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। उसी समय बाइक सवार तीन युवक आए। उसमें दो युवक बाइक से उतकर फायर करने लगे। गोली चलती देख अमितेश मिश्रा ने झोपड़ी के सहारे अपने को सुरक्षित कर लाइसेंसी पिस्टल से फायर किया। आत्मसुरक्षा फायरिंग से घबराए बदमाश फायर करते हुए भागने लगे। बाइक चला रहा बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद भी वह बाइक से भागने लगा।इइसी बीच गांव के राजू बिंद ने हमलावर के बाइक पकड़कर खींच दिया। जिससे बदमाश गिर गया। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़कर पहुंच गये। ग्रामीणों ने बदमाश को धर दबोचा। ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गाज़ीपुर- चोचकपुर मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद, सीओ सिटी, सदर कोतवाल व करंडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि अमितेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़ा गया हमलावर से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हमले में शामिल दोनों हमलावरों को पकड़ लिया जायेगा।
… इनसेट…
….21 अक्टूबर 2017 को अमितेश मिश्रा के बड़े भाई आरएसएस स्वयंसेवक राजेश मिश्रा की बदमाशों ने बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें अमितेश मिश्रा भी गोली से घायल हुए थे।
…. अमितेश मिश्रा अपने भाई की हत्या में चश्मदीद मुख्य गवाह है। अभी न्यायालय में गवाही गुजरी नही है।
…अमितेश मिश्रा ने तहरीर देते हुए बताया कि भाई की हत्या में शामिल मानिकपुर कलां निवासी प्रदीप मिश्रा की साजिश है। मानिकपुर कलां निवासी बिट्टू यादव व उसके साथियों ने घटना को अंजाम दिया है।
…. हमला में शामिल पकड़ा गया बाइक चालक अंशु मद्धेशिया नंदगंज थाना क्षेत्र के सिरगिथा का रहने वाला है। पकड़ा गया हमलावर ने पुलिस को घटना में शामिल दो बदमाशों का नाम बताया है।




