
गाजीपुर । महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के तहत “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग की कक्षा 12 की छात्रा प्राची कश्यप को “एक दिन का जिलाधिकारी” के रूप में मनोनीत किया गया। छात्रा प्राची कश्यप ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन में जनसुनवाई करते हुए विभिन्न लोगों की समस्याओं को सुना। इसके बाद संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना था, जिससे वे भविष्य में समाज सेवा और शासन-प्रशासन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

“एक दिन की जिलाधिकारी” बनने के अनुभव से छात्राओं में निर्णय क्षमता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता की भावना का विकास होता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने छात्रा प्राची कश्यप को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का यह स्वरूप बालिकाओं को प्रेरित करता है कि वे बड़े सपने देखें और समाज के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है।छात्रा प्राची कश्यप ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “एक दिन की जिलाधिकारी” बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें यह समझ मिली कि प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना कितना जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है।




