
गाजीपुर। सामाजिक कार्यकर्ता एवं समग्र विकास इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रज भूषण दूबे ने एक अनोखा विरोध शहर के पीजी कालेज से आदर्श गांव बाजार तक किया।जगह जगह सड़क में हुए खतरनाक गड्ढों में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बेहया और मंदार के पौधे लगाकर राहगीरों को आगाह किया की खतरों से अपनी जान वे स्वयं बचाएं। इसके लिए लोक निर्माण विभाग जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि जिम्मेदार नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता की आंखों पर चढ़े चश्में से मदान्ध लोगों को खूनी सड़कें दिखाई नहीं देती हैं।अफसोस जताते हुए कहा कि स्वयं कचहरी, विकास भवन, जनपद न्यायालय, पुलिस अधीक्षक के अगल-बगल की सड़कें जानलेवा हो गई हैं। आम आदमी सड़कों का टैक्स देता है पेट्रोल डीजल एवं अपने वाहनों का। श्री दूबे ने जिले के अधिकारियों के साथ सांसद विधायकों को इसके लिए जिम्मेदार बताया। उन्होने कहा कि क्या विपक्षी जनप्रतिनिधि जनतांत्रिक तरीके से सत्याग्रह और जनांदोलन भी नहीं कर सकते? उन्होंने सड़क के गड्ढों को भरने के लिए जिला प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया। ऐसा न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दिया। इस मौके पर जेसी तिवारी, वंशराज मौर्य, हनुमान विंद, गुल्लू सिंह यादव, शशांक, गौरव, शौर्य आदि लोग उपस्थित थे।




