
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की चलायमान रामलीला 17 सितंबर (एकादशी) से शुरु होगी। दो अक्टूबर को रावण दहन होगा। यह जानकारी कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा ने पत्रकारों की दी। उन्होने बताया कि अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” सैकड़ों वर्षों से गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरित मानस ग्रंथ के आधार पर परम्परागत रामलीला का मंचन पारंपरिक रूप से करती चली आ रही है।इस वर्ष की रामलीला का मंचन वन्दे वाणी विनायकों आदर्श श्रीरामलीला मंडल, रायबरेली के कलाकारों द्वारा किया जायेगा। इस वर्ष की चलायमान रामलीला 20 दिनों की होनी है। उन्होने बताया कि रामलीला का मंचन 17 सितम्बर एकादशी, दिन बुधवार को धनुष-मुकुट पूजन से प्रारंभ होकर तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्थलों पर मंचित होते हुए 27 सितम्बर को रामलीला मैदान लंका में पहुच जायेगी। 27 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक की रामलीला का मंचन रामलीला मैदान लंका में किया जाना है।दो अक्टूबर को विजयादशमी पर्व का आयोजन व 11 अक्टूबर शनिवार को श्रीराम राज्याभिषेक, हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर होगा। इसके बाद रामलीला का समापन हो जाएगा। बच्चा तिवारी ने बताया कि विजयादशमी का पर्व दो अक्टूबर रामलीला मैदान, लंका में सायं 07:30 बजे से श्री राम-रावण युद्ध का मंचन व रात्रि 8:00 बजे रावण दहन का कार्यक्रम तय है। रावण के पुतले का दहन मुख्य अतिथि, कमेटी के संरक्षक जिलाधिकारी एवं कमेटी के सह-संरक्षक पुलिस अधीक्षक बटन दबाकर करेंगे। इस वर्ष भी लगभग 60 फीट ऊचों आकर्षक रावण का पुतला बनाया जाना है। इस वर्ष की रामलीला के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आप यूट्यूब पर भी लिंक के माध्यम से देख सकते हैं। विजयादशमी के दिन मैदान में व मैदान के बाहर LED स्क्रीन की भी व्यवस्था कमेटी के द्वारा की गयी है ताकि मैदान में भीड़ होने के कारण आम जन व माताओं व बहनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस मौके पर कमेटी के विनय कुमार सिंह, गोपाल पाण्डेय, ओम प्रकाश तिवारी, लक्ष्मी नरायण, लव कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, रोहित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अजय पाठक, अजय अग्रवाल, राजेन्द्र विक्रम सिंह, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहे।




