
गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड जमानियां के ग्राम उमरगंज में मेगा डिस्कनेक्शन अभियान के तहत चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें 15 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किये गये। सात विद्युत चोरी का प्रकरण पाया गया एवं पांच उपभोक्ताओं के भार बढ़ाये गये। अभियान में आठ लाख 15 हजार की राजस्व वसूली की गयी। अधिशाषी अभियंता गोपीचंद भास्कर ने बताया कि विद्युत वितरण उपखण्ड रेवतीपुर, के ग्राम बवाडा में 20 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गये। जिसमें सात उपभोक्ताओं के विद्युत चोरी के प्रकरण पाये गये तो वही तीन उपभोक्ताओं की भार वृद्धि की गयी तथा कुल 4.90 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गयी।विद्युत वितरण उपखण्ड दिलदारनगर के ग्राम मनिया में 24 बकायेदार उपभोक्ताओं के संयोजन विच्छेदन किया गया तथा 10 विद्युत चोरी के प्रकरण पाये गये। जिसमें 8 उपभोक्ताओं के भार वृद्धि की गयी एवं 6.5 लाख की राजस्व वसूली की गयी। उन्होंने बताया कि विद्युत वितरण खण्ड जमानियां के तीनों उपखण्डों में 59 बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदित किये गये। जिसमें 24 विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज करायी जायेगी। 6 उपभोक्ताओं के भार वृद्धि की गयी। अभियान में 19.55 लाख राजस्व की प्राप्ति हुई। विद्युत चेकिंग अभियान की भनक लगते ही उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया और तमाम उपभोक्ता अपने घरों पर ताला लगाकर निकल गये।




