गाजीपुर। शहर कोतवाली के जमानियां मोड़ तिराहे से हमीद सेतु जाने वाले मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक से कुचलकर दो युवकों की मौत हो गई। बाइक से दोनों युवक किसी संबंधित से मिलने अस्पताल जा रहे थे। बाइक घुमाने के चक्कर में ट्रक की चपेट में आ गए और पहिये से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आयी। बताया जाता है कि आदर्श बाजार निवासी किशन प्रजापति (22) अपने मित्र बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव निवासी अभिषेक गुप्ता (23) के साथ बाइक से जमानिया मोड़ तिराहे के पास निजी अस्पताल में किसी संबंधित को देखने जा रहे थे। अस्पताल से आगे निकल गए तो पुन: वापस होने के लिए जैसे ही बाइक घुमा रहे थे। इसी दौरान ट्रक के धक्के से दोनों सड़क पर गिर पड़े और पहिये के नीचे आकर कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जबतक आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजवाया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मृतक किशन प्रजापति के पिता जय प्रकाश प्रजापति, मां प्रेमलता और बहन निशा रोते- बिलखते अस्पताल पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि किशन एमकॉम की पढ़ाई के बाद बीबीए की तैयारी कर रहा था। इधर मृतक अभिषेक गुप्ता के पिता संतोष गुप्ता, मां इंदू देवी और बहन सलोनी के साथ परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और शव देख रोने- बिलखने लगे। अभिषेक गुप्ता बचपन से ही आदर्श बाजार स्थित ननिहाल में रह रहा था। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



