
रेवतीपुर (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर करीब तीस लाख की लागत से निर्मित तीन सौ मीटर लंम्बे नाले के दोनों तरफ खुला गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।आए दिन पैदल राहगीर एवं बाइक चालक खुले गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे है।बावजूद अधिकारी निर्मित नाले के दोनों ओर खुले गड्ढे को मिट्टी डालकर उसे समतल करने को लेकर लापरवाह बने हुए है।अधिकारियों की इसी लापरवाही के चलते क्षेत्रीय ग्रामीणों में आक्रोश पनपता जा रहा है,जो कभी भी फूट सकता है। जानलेवा गड्ढे के बगल से हर रोज अधिकारी गुजरते है,मगर इस ओर नजर ना जाना आश्चर्यजनक है।क्षेत्रीय ग्रामीणों ने आक्रोश भरे लहजे में कहा कि जिस तरह से नाले के दोनों ओर खुले गड्ढे को मिट्टी डालकर समतल करने को लेकर लापरवाही बरती जा रही है वह निश्चित ही भविष्य में बडे हादसे का कारण बन सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि जानलेवा बने गड्ढे को समतल नहीं किया गया तो ग्रामीण ब्लाक मुख्यालय पर धरना- प्रदर्शन को मजबूर होगें। खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत से पक्के नाले के दोनों ओर बने गड्ढे को मिट्टी डालकर उसे जल्द समतल कराया जाएगा,ताकि आवागमन के दौरान कोई दुर्घटना नहीं होने पाए।




