Monday, September 16, 2024

Top 5 This Week

spot_img

समाजवादी आंदोलन के मजबूत सिपाही थे अर्जुन रायः माता प्रसाद

सैदपुर( गाजीपुर)। तहसील के पिपनार गांव में समाजवादी आंदोलन के मजबूत सिपाही रहे स्व. अर्जुन राय की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने स्व.अर्जुन राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अर्जुन राय समाजवादी आंदोलन के मजबूत सिपाही थे । वह आजीवन अपने खून और पसीने  से समाजवादी आंदोलन को सींचते रहे। वह संघर्षों की कोख से पैदा थे।वह पार्टी के समर्पित एवं कर्मठ तथा संघर्षशील तथा समाजवादी आंदोलन के प्रणेता थे। लाख परेशानियों के बावजूद उन्होंने कभी भी अपने वसूलों और सिद्धान्तों से समझौता नहीं किया। वह आजीवन समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करते रहे।समाजवादी पार्टी उनके योगदान को कभी‌ नही भूलेगी। श्रृद्धांजलि सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र सत्ता का दुरुपयोग करने का है। लोगों में भ्रम पैदा करने में उसे महारत हासिल है। हमें एकजुटता के साथ भाजपाई साजिशों का मुकाबला करने के लिए सतर्क एवं तैयार रहना है। उन्होंने कहा कि देश के सामने गंभीर चुनौतियां है।  समाजवादी पार्टी के सामने देश के संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और इस देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को बचाने की चुनौती है । उन्होंने कहा कि आज मंहगाई चरम पर है। देश की गरीब जनता भूखे पेट सोने को विवश हैं। उन्होंने  कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई दरिंदगी और महिला पहलवानों के यौन शौषण के सवाल पर  मोदी जी की जुवान पूरी तरह से बंद रही। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की इज्जत के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है और मोदी महिलाओं के सवालों पर मौन धारण किये हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है।वह दलितों , पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को संवैधानिक व्यवस्था से बाहर कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार दलितों पिछड़ों की‌ लड़ाई लड़ते हुए केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना कराने के लिए संघर्ष कर रही है। लेकिन भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों,शोषितों और वंचितों को उनका हक नहीं देना चाहती है इसलिए वह जातिगत जनगणना न कराने का हठ पाले है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन व्यवस्था परिवर्तन और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। चुनाव उसके लिए एक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वालों को अर्जुन राय  के रास्ते पर चलकर अपने संघर्ष, समाजवादी सिद्धान्तों और वसूलों और विचारों से लैस होकर करारा जवाब देना है। श्रृद्धांजलि सभा में विधायक ओम प्रकाश सिंह, विधायक डॉ वीरेंद्र यादव, विधायक जैकिशन साहू,संजय कन्नौजिया, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, प्रदेश सचिव रमेश पांडेय तथा प्रदेश सचिव आनंद पटेल, रिबू श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, अशोक बिंद, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुशवाहा, आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और संचालन मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव आजाद राय ने किया। कार्यक्रम के संयोजक आजाद राय ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं अंगम् वस्त्रम् देकर सम्मानित करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Popular Articles