
बिरनों (गाजीपुर) । थाना के पृथ्वीपुर बस स्टैंड के पास गुरुवार की देर रात फोरलेन पर महाकुंभ से बिहार पूर्णिया जा रही तेज रफ्तार कार गिट्टी लदे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।जानकारी के अनुसार पूर्णिया जिले से सांसद पप्पू यादव के रिश्तेदार प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर रात में वापस घर लौट रहे थे। बिरनो थाने के पास वाराणसी-गोरखपुर हाइवे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ा गिट्टी लदा ट्रेलर में घुस गयी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गये। कार में सवार डॉ सोनी यादव (38) पत्नी डॉ मुकेश यादव,गायत्री देवी (60) पत्नी भोला यादव , मो.सलाउदीन (40) तथा दीपक झा की मौत हो गयी। यह सभी जिला पूर्णिया के रहने वाले थे । बताते है कि कार चालक सलाउद्दीन को नींद आने की वजह से कार में मौजूद विपिन शाह गाड़ी चलाना शुरु कर दिया। देर रात झपकी आने की वजह से कार खड़ा टेलर में पीछे से घुस गयी। इस हादसे में कार चालक विपिन शाह गंभीर रुप से घायल हो गया।घटना की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरु कर दिया। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गयी।पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे शव को बाहर निकलवाया। करीब तीन घंटे तक जेसीबी और ट्रेक्टर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद कार को ट्रेलर से खींचकर बाहर निकाला गया।




