
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद के गौसपुर क्षेत्र के एक पंप संचालक पर कुछ लोगों ने तेल की बिक्री में मनमानी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शासन और प्रशासन की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही ईंधन वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद पेट्रोल पंप पर मनमाने ढंग से पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने डीएसओ से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी अनंत सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




