
जमानियां (गाजीपुर) । अयोध्या जिले के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप के साथ भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा की गई कारवाई को लेकर लेखपालों में आक्रोश है।प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर शनिवार को लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर एसडीएम को पत्रक सौपा।लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि प्रदेश में लेखपालों पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा की जा रही गलत एवं अनुचित ट्रैप कारवाई से लेखपाल संवर्ग में आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है। लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में शासन की योजनाओं एवं राजस्व संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं। किसी निर्दोष कर्मचारी के विरुद्ध गलत अथवा सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई से उसका सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं पारिवारिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित होता है। संगठन भ्रष्टाचार के विरुद्ध निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है, किंतु नियम विरुद्ध एवं अनुचित कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अवलोकन से प्रथम दृष्टया रिश्वत की मांग किए जाने का कोई स्पष्ट तथ्य प्रतीत नहीं होता। अतः उक्त प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई को समाप्त कराया जाना तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही किया जाना आवश्यक है। धरना में मंत्री मंतोष सिंह,विनीत सिंह,रमेश सोनकर,शालिनी राय, रूपेश रंजन,राजकुमार आदि रहे।



