
दुबिहां (गाजीपुर) । बरेसर थाना क्षेत्र के जहूराबाद–बाराचवर मार्ग स्थित मिशन स्कूल के पास शुक्रवार रात एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि सिपाह गांव निवासी प्रमोद राजभर (25) शुक्रवार की शाम सब्जी शरीदने जहूराबाद बाजार गया था। मृतक के भाई प्रदीप राजभर ने बताया कि वह रात करीब आठ बजे घर सब्जी देकर बिना बताये फिर किसी काम से बाहर चला गया। काफी देर तक जब वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद था। किसी अनहोनी की आशंका से परिवार के लोग उसे खोजने के लिए निकल गये। देर रात घर से कुछ ही दूर नहर किनारे सड़क पर प्रमोद का शव पड़ा मिला। उनके गले पर गहरे घाव के निशान थे। यह देख परिजन चिखने चिल्लाने लगे। परिवार की आवाज सुनकर गांव के लोग भी वहां पहुंच गये। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय, थाना प्रभारी ओमप्रकाश तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जहूराबाद–बाराचवर मार्ग पर जाम लगाकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उधर, बेटे की मौत से पिता रविन्द्र राजभर, माता सुशीला देवी और भाई प्रदीप राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है। काफी मान मनौव्वल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।




