
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा ने शनिवार को करंडा थाना में आयोजित थाना दिवस में लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान विभिन्न फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मिले शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित व्यक्ति की समस्या वास्तव में दूर हुई है अथवा नहीं। उन्होंने शिकायत रजिस्टर में एक अलग फीडबैक कॉलम बनाए जाने के निर्देश दिए। जिसमें शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं प्राप्त फीडबैक को दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निस्तारण से लोग संतुष्ट है। इस व्यवस्था से शिकायतों के वास्तविक निस्तारण की स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। इस अवसर पर थाना प्रभारी के साथ सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




