
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं सीडीओ आलोक प्रसाद ने सैदपुर के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय चकेरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष एवं सीसीटीवी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी की।जिलाधिकारी ने छात्रावास भवन का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास के कक्षों के निरीक्षण के दौरान कुछ कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को सभी कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से उनके गृह जनपद एवं माता-पिता के नाम आदि की जानकारी भी ली तथा स्वयं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास के भोजनालय एवं भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लेते हुए दाल एवं चावल का स्वयं स्वाद लेकर गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्राओं के शारीरिक स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मैदान में बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल खेलने की समुचित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




