
रेवतीपुर (गाजीपुर)। स्थानीय बाजार से तिलवा, नारायणपुर, गोपालपुर सहित आधा दर्जन गांवों को जोड़ने वाली लगभग पांच किलोमीटर लंबी सड़क पिछले चार वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क की बदहाली को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन आज तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली। बरसात में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।आखिरकार एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय ने जब इस सड़क की दुर्दशा देखी तो उन्होंने इसे अपने निजी खर्चे से मरम्मत कराने की पहल की। उनके आश्वासन के बाद आज से सड़क के मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी गई है।आज सुबह से ही जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से लगभग 5 किलोमीटर के पूरे हिस्से में गड्ढों को ईंटों और गिट्टी से भरने का कार्य शुरू किया गया है। इस नेक कार्य में ग्रामीणों और क्षेत्रीय युवाओं का सहयोग मिल रहा है। युवा खुद श्रमदान कर सड़क को चलने योग्य बना रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सांसद की इस पहल से उनमें उम्मीद जगी है। यदि प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कम से कम निजी सहयोग से ही सही, सड़क चलने लायक तो हो जाएगी। क्षेत्रीय जनता ने पूर्व सांसद अतुल राय और सहयोग करने वाले सभी युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस दौरान पिंटू राय, निपी राय, विक्रांत राय, आशीष राय, सोनू अंसारी, उत्कर्ष राय, संदीप उपाध्याय ,मोहित गुप्ता, प्रिंस राय, आनंद राय, बलिराम पांडे, बब्बन राम, भोलाराम, मोनू राय ,भीम कुमार आदि लोग मौजूद रहे।




