
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव से तीन दिन पहले लापता हुए चार वर्षीय सिद्धार्थ कुशवाहा का शव गुरुवार सुबह गांव के पास चरी के खेत में मिला। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मालूम होकि छह जुलाई की सुबह सिद्धार्थ घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसी दिन शाम को भांवरकोल थाने में पिता जामवंत कुसवाहा ने मासूम के गुमशुदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश कर रही थी।गुरुवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 50 मीटर दूर चरी के खेत में एक बच्चे का शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान सिद्धार्थ कुशवाहा के रूप में कराई। शव सड़-गल चुका था और प्रथम दृष्टया उस पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की मां अनामिका देवी और उसकी सास कबूतरी देवी बीच हमेशा विवाद होता था। प्रथम दृष्टया जांच में आशंका जताई जा रही है । ग्रामीणों ने बताया कि मासूम का शव घास वगैरा से ढका हुआ भी था।पुलिस ने कबूतरी देवी और अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है घटना की सूचना मिलते ही मौके पर क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय मौके पहुंचे। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि पूरा मामले में गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि प्रथम दृष्टया बच्चे की दादी कबूतरी देवी पर परिवार के लोग आरोप लगा रहे हैं।परिवार के लोग तहरीर दे तो मुकदमा दर्ज किया जायेगा।




