
रेवतीपुर (गाजीपुर)। पुरानी रंजिश के चलते दसवीं कक्षा के एक छात्र पर छह नकाबपोश हमलावरों ने चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना गुरुवार कि सुबह गगरन गांव में हुई, इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।,गगरन गांव निवासी 16 वर्षीय अरुण पाल नहर के समीप भेड़ चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने छात्र कि पीठ पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर अचेत अवस्था में गिर पड़ा।हमला करने के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए।परिजन घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस सुरक्षा में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि छात्र की पीठ पर तीन गहरे चाकू के घाव हैं, जिनसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। छात्र फिलहाल अचेत अवस्था में उपचाराधीन है।घायल छात्र के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि अरुण क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। कुछ दिन पहले अरुण के दोस्तों की हमलावरों से मारपीट हुई थी। हमलावरों को शक था कि अरुण भी उस विवाद में शामिल था, जबकि उसका उस घटना से कोई लेना-देना नहीं था।इस मामले में घायल छात्र के स्वजन ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नगसर धीरेंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किया गया है।जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।




