
बिरनो गाजीपुर। बिरनो क्षेत्र के धर्मागतपुर स्थित आदर्श भारतीय इंटर कॉलेज मैदान में एक कार्यक्रम में ‘कोकोनट मैन’ के नाम से प्रसिद्ध धर्मेंद्र राजभर ने अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने मात्र 6 मिनट 24 सेकेंड में 651 नारियल फोड़कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र राजभर को 7 मिनट में 651 नारियल फोड़ने की चुनौती दी गई थी। जिसे उन्होंने निर्धारित समय से 36 सेकेंड पहले पूरा कर इतिहास रच दिया। उनके इस प्रदर्शन को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मैदान में मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी बनी। उत्साहित दर्शकों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। धर्मेंद्र राजभर की उपलब्धि की सराहना करते हुए वक्ताओं ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। धर्मेंद्र राजभर ने कहा कि जनता का प्यार और समर्थन उन्हें लगातार नई उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करने की इच्छा जताई। धर्मेंद्र राजभर के इस साहसिक प्रदर्शन की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। इस अवसर पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि धर्मेंद्र राजभर की प्रतिभा के साथ न्याय होगा। इनको मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मिलवा कर उनके लिए सरकारी नौकरी की व्यवस्था कराई जाएगी और साथ ही आने वाले प्रतिभाओं के लिए उचित संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। राष्ट्रीय सुहेलदेव समाज पार्टी के उपाध्यक्ष अरविंद राजभर ने कहा कि धर्मेंद्र राजभर प्रदेश की धरोहर हैं और इनका सम्मान होगा। इस अवसर पर विधायक बेदी राम, अरविंद राजभर, मुरहू राजभर, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय, विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर, जर्मन लोग उपस्थित रहे।




