
गाजीपुर। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शुक्रवार को नंदगंज वानिकी क्षेत्र स्थित मुड़वल नर्सरी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कल्पवृक्ष का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि वन एवं वृक्ष मानव जीवन के आधार स्तंभ है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, शुद्ध वायु, जल संरक्षण तथा जैव विविधता के संवर्धन में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो प्रदेश ही नहीं, सम्पूर्ण देश हरित क्रांति की ओर अग्रसर होगा।मंत्री श्री विश्वकर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इस दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, जिला वन अधिकारी एके सिंह व सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।




