
रेवतीपुर (गाजीपुर)। सुहवल निवासी समाजसेवी दुर्गेश राय लगातार गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं।दुर्गेश राय का सामाजिक सरोकार केवल सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि वे जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत हैं। कभी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराना, कभी रक्तदान कर किसी की जान बचाना, तो कभी सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके उपचार की व्यवस्था करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने हाल ही में सुहवल निवासी निरमा देवी पत्नी स्वर्गीय रामजी कुशवाहा, जो आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं, को एक सिलाई मशीन प्रदान की। इस सहायता से न केवल निरमा देवी को रोजगार का साधन मिलेगा, बल्कि वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगी।सिलाई मशीन प्राप्त कर निरमा देवी ने दुर्गेश राय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके परिवार के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। इससे उन्हें सम्मानजनक तरीके से आजीविका कमाने का अवसर मिलेगा।




