
सादात (गाजीपुर)। साइबर अपराधों की रोकथाम और जालसाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल, थाना बहरियाबाद को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यूपीआई धोखाधड़ी के शिकार एक पीड़ित के 99,923.86 रुपये वापस करा दिए हैं।जानकारी के अनुसार, प्यारेपुर निवासी शिवशरन सिंह के साथ हाल ही में यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बहरियाबाद साइबर सेल और थाना पुलिस ने तकनीकी सूझबूझ से शिवशरन सिंह के खाते से ट्रांसफर की गई 99,923.86 रुपये की राशि को तत्काल ब्लॉक (होल्ड) करवा दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए, न्यायालय के आदेश पर पूरी धनराशि आवेदक के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में सुरक्षित वापस भेज दी गई।इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा और कांस्टेबल अनुराग वर्मा शामिल रहे।




