
शादियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के अराजी कुकड़ा गांव में गुरुवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक प्रेमी युगल (किशोर और किशोरी) का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सिवान में बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे एक डाल पर लटकता हुआ पाया गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि अराजी कुकड़ा गांव के मौजा राजपरती निवासी गोलू बिंद (17) पुत्र लौटन बिंद और अंजू बिंद (17) पुत्री बैजू बिंद आपस में पड़ोसी थे और दोनों के घर के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी थी। दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर गोलू के परिजनों ने उसे कुछ महीने पहले कमाने के लिए राजकोट (गुजरात) भेज दिया था, जहां वह पेंटिंग का काम करता था। वह तीन दिन पहले ही घर लौटा था। मृतक गोलू दो भाइयों में छोटा था, जबकि अंजू हाईस्कूल तक पढ़ाई करने के बाद घर पर ही रहती थी।बताया जा रहा है कि दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिवारों को थी और इस संबंध में कई बार एक-दूसरे के घर शिकायत भी की गई थी। परिजनों द्वारा मना करने के बावजूद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा।
… मां ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका अंजू की मां पार्वती ने बताया कि भोर में आंख खुलने पर जब अंजू घर पर नहीं मिली, तो उन्होंने सोचा कि वह शौच के लिए गई होगी। काफी देर तक न लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। वहीं दूसरी ओर, गोलू की मां इंदा देवी ने अंजू के परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को मृतक किशोर की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला है। इस मामले में दोनों पक्षों के पिता ने पुलिस को आत्महत्या की अलग-अलग तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों ने यह कदम किस कारणवश उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




