
गाजीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल 24 मई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। जहां 23 मई को दबंग बाउंसर व सुरक्षा गार्डों ने अपनी बेटी को दिखाने गये तीमारदार पर लाठियां बरसाई थी। जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। इस घटना की जानकारी होने पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल नाराज हो गये। उन्होने तत्काल घटना की जानकारी प्रधानाचार्य डा.आनंद मिश्रा से लिया। चंचल सीधे अस्पताल पहुंचे।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, घटनास्थल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने कहा कि इस तरह का कार्य बहुंत ही निंदनीय है जो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मरीजों के साथ मारपीट करने वाले बाउसंर व सुरक्षा गार्डों पर कार्रवाई की जायेगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा उन पर गंभीर धाराएं लगाई जाएंगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।एमएलसी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर वासियों को मेडिकल कॉलेज के रूप में बड़ी सौगात दी है। जहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने मेडिकल कॉलेज के विकास के लिए करीब ढाई से तीन सौ करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ऐसे में परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की बात कहते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां नए कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही एक कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे ऑपरेटर की तैनाती की जाएगी, ताकि छोटी से छोटी गतिविधि पर नजर रखी जा सके।एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने पीड़ित दंपति से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।




