
बिरनों (गाजीपुर)। प्रदेश में तेजी से हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा,) द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में यूपी पुलिस प्रदेशव्यापी विशेष चेकिंग अभियान चला रही है। जिले में ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ (शराब पीकर वाहन चलाना) और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब दो सौ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के आदेश पर एसपी सिटी, संभागीय परिवहन अधिकारी), क्षेत्राधिकारी (यातायात), प्रभारी यातायात मनीष त्रिपाठी एवं थानाध्यक्ष बिरनो के संयुक्त नेतृत्व में आठ टीमे बिरनो टोल प्लाजा पर आठों लेन पर बैरीकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान अंतरराज्यीय रूटों पर चलने वाली रोडवेज बसों,

भारी व्यावसायिक वाहनों, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों की ‘ब्रेथ एनालाइजर’ के माध्यम से जांच की गई।चेकिंग के दौरान 16 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 22 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट/सीटबेल्ट, ओवरस्पीडिंग, बिना दस्तावेज में 152 वाहनों के चालान किए गए। इस अभियान के दौरान चार लाख अस्सी हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में अफरा-तफरी की स्थिति रही। सपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।




