
गाजीपुर। प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर एनएचएम संविदा कर्मचारी संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल तीन माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर 15 मई को मिशन निदेशक को संबोधित ज्ञापन प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौपा। संगठन के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी आर्थिक समस्याओं को लेकर रोष प्रकट किया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि संविदा कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से मानदेय न मिलने के कारण परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन को 20 मई तक का समय दिया है। राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है, तो 21 मई से बिना मानदेय के काम नहीं (‘नो पे-नो वर्क’) की नीति के तहत समस्त संविदा कर्मचारी पूर्णतः कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। इस आंदोलन और इससे उत्पन्न होने वाली किसी भी विषम परिस्थिति की सारी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह,अनिल कुमार शर्मा, मोहम्मद अजहर खान, अरुण कुमार सिंह, राधेश्याम यादव, मिथिलेश कुमार, संदीप कुमार पाल, मोहम्मद अरशद जमाल, अरविंद कुमार यादव, आनंद किशोर, अशोक कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




