
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 12 मई को शहर की विभिन्न खस्ताहाल सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किए जाएं ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने शहर के सिचाई विभाग, विकास भवन, पीजी कालेज रोड, आदर्श बाजार, नवीन स्टेडियम, आईटीआई चौराहा होते हुए शास्त्री नगर एवं निर्माणाधीन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने पीडब्लूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 मई तक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के विकास एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, नगरपालिका ईओ धीरेंद्र राय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




