
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। भारतीय महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले सपा सांसद अफजाल अंसारी के पैतृक आवास फाटक पर पहुंच विरोध प्रदर्शन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के नेतृत्व में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर सांसद का घेराव किया और उनसे जवाब मांगा। इस दौरान महिला आरक्षण के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल संसद में पेश किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद अफजाल अंसारी सहित विपक्षी नेताओं ने इस बिल का विरोध कर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित किया।सपना सिंह ने यह भी कहा कि भाजपा महिला कार्यकर्ता अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं और भविष्य में 50 प्रतिशत तक आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप भी लगाया।सपना सिंह के अनुसार, जब इस मुद्दे पर सांसद अफजाल अंसारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल में महिलाओं के लिए काफी काम हुआ है। सांसद अफजाल अंसारी ने तर्क दिया कि इसी वजह से आज महिलाएं विभिन्न पदों पर पहुंच रही हैं। सपना सिंह ने सांसद के इस बयान का कड़ा विरोध किया।जवाब में सपना सिंह ने कहा कि महिलाओं को मिले अधिकार किसी एक दल या नेता की देन नहीं हैं, बल्कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और उनकी प्रगति संविधान के कारण ही संभव हुई है। सपना सिंह ने सांसद के बयान को गलत बताते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए, और इसी उद्देश्य से यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था। भाजपा की महिला मोर्चा की सदस्य पहले पूर्व मे निश्चित कार्यक्रम के तहत धरना देने के लिए शहीद पार्क मे जमा हुई। पता चलने पर कि सांसद अफजाल अंसारी अपने आवास पर है। महिलाएं उनके आवास फाटक पर पहुंच गयी। वहां पर सांसद अफजाल अंसारी के अलावा उनके प्रतिनिधि बलिराम पटेल,जिला पंचायत सदस्य फेकू सिंह यादव गांधी व सभासद वकार अहमद आदि लोग मौजूद रहे।




