
बिरनों (गाजीपुर)। थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर लगा आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग का सांकेतिक बोर्ड कई दिनों से गिरा पड़ा है। बोर्ड का कुछ हिस्सा सड़क पर फैला हुआ है, जबकि उसके तीन बड़े हिस्से आसपास की दुकानों के सामने पड़े होने से दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है।सोमवार को दर्जनों दुकानदारों ने रोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दुकानदारों का कहना है कि गिरा हुआ साइन बोर्ड कभी भी हादसे का कारण बन सकता है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक उसे हटाने या ठीक कराने की कोई पहल नहीं की गई।दुकानदार अशोक कुशवाहा ने बताया कि बोर्ड गिरने के कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है लोग बच कर जाते है विभाग पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है। इंदल राजभर, हरिनाथ राजभर, कतवारू यादव, जितेंद्र यादव, बालकिशन यादव, घूरा राम, नारायण मिस्त्री, हरी विश्वकर्मा तथा पवन पाण्डेय सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर साइन बोर्ड नहीं हटाया गया तो संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।




