
सैदपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिर्जापुर के पाहि पर सोमवार की भोर में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। बेखौफ चोरों ने गांव के तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। राकेश यादव, नरेन्द्र यादव और मोती यादव के घर चोरी की घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार देर रात जब परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। उसी दौरान चोर घरों में घुस गए और अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत नगदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौप दी।पकड़े गए युवक के पास सरकारी तार भी बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी थे, जो मौके से फरार हो गये। ग्रामीणों के अनुसार पकड़ा गया युवक पहले भी चोरी के मामले में खानपुर थाना क्षेत्र से जेल जा चुका है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। चोरी की इस बड़ी घटना से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।




