
जमानियां (गाजीपुर) । स्थानीय स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर लंबे समय से आवाज उठ रही है। रविवार को रेल यात्री कल्याण समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उप स्टेशन अधीक्षक आदित्य राज को महाप्रबंधक पूर्व मध्य रेलवे को संबोधित पत्रक सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से मांग किया कि काशी-पटना जनशताब्दी तथा ब्रह्मपुत्र मेल का ठहराव स्थानीय स्टेशन पर जनहित में हो। इन ट्रेनों के नहीं रुकने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छात्रों, व्यापारियों और इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि कई बार मांग उठाने के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पत्रक सौपने वालों में मिथलेश सिंह, मोहन गुप्ता, प्रमोद यादव, मेराज आलम, विशाल वर्मा, प्रमोद पाण्डेय, सरदार प्रीतपाल सिंह सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




