
सादात (गाजीपुर)। पुलिस ने रामपुर बुद्धसेन तिराहा पर चेकिंग के दौरान एक पिकअप पर लदा ग्यारह गो-वंश बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खिदिरगंज बाजार से खानपुर की ओर एक पिकअप वाहन में गोवंश ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर बुद्धसेन तिराहा पर चेकिंग करने लगी। चेकिंग के दौरान, पुलिस ने खानपुर थाना के छपरा निवासी गोवंश तस्कर सरमेश यादव उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर वाहन से 10 गाय और एक बछड़ा बरामद किया। चेकिंग के दौरान मौका पाकर सूरज यादव, वाहन का अज्ञात चालक और उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। तस्कर गोवंशों के मुंह और पैर बांधकर वाहन में लादकर बिहार के रास्ते बंगाल ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने गोवंश को बेहोश करने के उपकरण भी बरामद किए, जिनमें छह निडिल, छह सिरिंज, दो छोटे चाकू और चार शीशी दवा (लिक्विड) शामिल हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव, उप निरीक्षक पुनीत कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, अंबुज कुमार पाल, शैलेश सरोज, दिनेश कुमार और दुष्यंत कुमार शामिल रहे।




