
गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 41वाँ वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान’ समारोह (चेतना महोत्सव) नगर के एक पैलेस में हुआ।योगी आनन्द की उपस्थिति में इस समारोह की अध्यक्षता पूर्व कुलपति प्रो.राममोहन पाठक ने की। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ।संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सैदपुर तहसील के मलिकपुर गांव के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।उन्हें अंगवस्त्रम्,स्मृति-चिह्न व सम्मान पत्र प्रदान किया गया। सम्मान पत्र का वाचन संस्था के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। कलराज मिश्र ने कहा कि गाजीपुर साहित्यिक-सांस्कृतिक एवं बौद्धिक रूप से अत्यंत समृद्ध रहा है।यह ॠषियों,तपस्वियों की भूमि रही है।शौर्य व पराक्रम में भी यहाँ के लोगों ने अपना लोहा मनवाया है।यहाँ के लोगों ने पूरे विश्व में अपना परचम फहराया है।गाजीपुर की इसी पवित्र मिट्टी ने मुझे भी गढ़ा है,संस्कारित किया है।गाजीपुर मेरे हृदय में बसता है।मैं गाजीपुर में जन्मा हूँ,मुझे इस पर गर्व है।मैं साहित्य चेतना समाज के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने मुझे इसके लिए चुना।योगी आनन्द जी ने कहा कि यदि स्थान-स्थान पर ऐसी संस्थाएँ सक्रिय हो जांय तो समाज का काफी भला हो सकता है।समारोह में संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर न्यू होराइजन एकेडमी तुलसीसागर, बी.एस.डी.पब्लिक स्कूल रेवतीपुर एवं डी ड्रीम्स डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डा.राममोहन पाठक ने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर अभिभूत हूँ।बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के जनसहयोग से ऐसे आयोजन प्रशंसनीय ही नहीं अनुकरणीय हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय,डा.श्रीकांत पाण्डेय,विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद उपाध्याय,खालिद अमीर,डा.व्यासमुनि राय,सुहैल खान,डा.पारस नाथ सिंह,आनन्द प्रकाश अग्रवाल,संस्था सचिव हीरा राम गुप्त,राजीव मिश्र,शशिकांत राय,मनोज सिंह,मनोज सिंह,हर्षित श्रीवास्तव,शिवम प्रकाश त्रिपाठी आदि उपस्थित थे। संचालन संस्था के उपाध्यक्ष संजीव गुप्त एवं धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष डा.रविनन्दन वर्मा ने किया।




