
मरदह (गाजीपुर)। क्षेत्र में बिजली की जर्जर व्यवस्था और विभागीय भ्रष्टाचार से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को मरदह पावर हाउस का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।उनका आरोप है कि ‘शहीद फीडर’ से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। हर दो-दो मिनट पर बिजली गुल होने से घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की कगार पर हैं।उपभोक्ताओं के अनुसार, फीडर का पैनल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और पुरानी केबलों के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। अधिशासी अभियंता को कई बार सूचित करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं।धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभाग में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता। लाइनमैन छोटे से तार जोड़ने के लिए भी 200 से 500 रुपये तक की अवैध मांग करते हैं। इससे पहले, जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर नए पैनल और केबल लगाने की मांग की थी। धरने में क्षत्रिय युवा महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह, प्रभाकर सिंह, शेषनाथ सिंह, अरुण वर्मा, दिवाकर सिंह, कृष्णा यादव, शैलेश यादव, आनन्द मौर्य, तेज़बहादुर सिंह, विवेक स्वाधीन, लवकुश अरविंद सिंह, अवनीश चतुर्वेदी, अनिल कुशवाहा, योगेश यादव, राहुल सिंह, संतोष राजभर और अखिलेश यादव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




