Saturday, July 25, 2026

Top 5 This Week

spot_img

परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों के दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत

बिरनो (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के महमूदपुर ढेबुआं चट्टी स्थित शहीद गेट के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार खाकी बाबा सिद्धार्थ इंटर कॉलेज खंडवा से हाईस्कूल की परीक्षा देकर दो बाइकों पर सवार चार छात्र लौट रहे थे।महमूदपुर ढेबुआं चट्टी के पास अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार दोनों बाइक आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों में भागमलपुर दुधवा निवासी अभिषेक राजभर (15), अमन राजभर (15), सतीश राजभर (15) तथा सिखड़ी निवासी आरपी राजभर (14) शामिल थे।स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आरपी राजभर को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अमन राजभर और अभिषेक राजभर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे । अस्पताल परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दोनों बाइक सवार छात्र स्टंटबाजी करते आ रहे थे।बाइक की गति तेज होने कारण आपस में टकरा गये।अभी तहरीर नहीं मिला है।तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जायेगी।

Popular Articles