
गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समाज कल्याण विभाग की ओर से सामूहिक विवाह कार्यक्रम आईटीआई मैदान में हुआ। इसका शुभारम्भं मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया । सामूहिक विवाह में कुल 108 जोड़ो का विवाह विधि विधान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। इसके बाद नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र दिया गया। विवाह कार्यक्रम मे मंच से मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर 60 हजार रूपये की धनराशि वधुओ के खाते में हस्तान्तरित किया।

सपना सिंह ने कहा कि आज नव विवाहित जोड़ो ने सात फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है। उसे आजीवन निर्वहन करें। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एक कल्याणकारी योजना है। जिसमें हजारो हजार की संख्या में बेटियों के हाथ पीले किये जा चुके है। उन्होने कहा कि इस योजना के माध्यम से जो विवाह कराया जाता है। उससे समाज में फैली दहेज प्रथा जैसी रूढ़िवादी सोच समाप्त होती जा रही है। दहेज लेना और दहेज देना एक दण्डनीय अपराध है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि बेटिया अपने समाज में स्वावलंबी बने, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य सब उत्तम हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने बेटियो के लिए कई योजनाएं संचालित की है। उन्होने सभी नव दाम्पय से निवेदन किया कि शादी के बाद गर्भ का भ्रूण परिक्षण न कराये जो भी बच्चा हो उसे सम्मान के साथ परिवार में लाये।

जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने कहा कि सभी ब्लाको से चयनित 108 जोड़ो का विवाह विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ है । जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी(विकास), उपायुक्त उद्योग प्रवीण मौर्या, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।




