Friday, July 24, 2026

Top 5 This Week

spot_img

दो मंदिर का ताला तोड़कर हजारों की चोरी

सादात (गाजीपुर)। थाना अंतर्गत नगर के वार्ड छह और वार्ड एक अंबेडकर नगर स्थित दो दुर्गा मंदिरों में गुरुवार की रात चोरी की घटना हुई। चोरों ने दोनों मंदिरों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं पर लगे आभूषण सहित दान पेटिका को तोड़कर पैसा उठा ले गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मंदिरों पर जाकर मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ किया। पुलिस मंदिर के अगल बगल लगे सीसी टीवी कैमरा का फुटेज खंगालते हुए चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है। शुक्रवार को सुबह नगर पंचायत कार्यालय के बगल में स्थित मां दुर्गा काली मंदिर पर पूजा करने पहुंचे लोगों ने दानपेटिका का ताला टूटा देखा। इसकी जानकारी होने पर काफी संख्या में नगरवासी एकत्रित हो गए। मंदिर का रखरखाव और अन्य कार्यों में भागीदारी निभाने वाले सुरेन्द्र मद्धेशिया, विवेक गुप्ता सहित अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि चोरों ने दुर्गा प्रतिमा पर लगी सोने की मांगटीका और गले का हार बांस की लकड़ी के सहारे मंदिर के अंदर से चुरा लिया। चोर सोने का मांगटीका और दानपात्र का पैसा उठा ले गए, जबकि हार वहीं फेंक दिएथे। चूंकि हार नकली था, इसलिए चोर उसे वहीं छोड़ दिए। उन्होंने बताया कि मंदिर की दानपेटिका साल में एक बार 20 फरवरी को होने वाले वार्षिकोत्सव से पहले खोली जाती है, जिसमें बीस से पच्चीस हजार रुपए तक निकल जाता था। उधर वार्ड एक स्थित दुर्गा मंदिर पर सुबह साफ सफाई करने पहुंची चम्पा सोनकर ने पुलिस को बताया कि चोर यहां भी बांस की लकड़ी के सहारे दुर्गा प्रतिमा पर लगा सोने का नथिया और दानपेटी को तोड़कर पैसा चुरा लिए। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी और हरिहर मिश्रा ने दोनों मंदिरों का मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मंदिर के अगल बगल लगे सीसी टीवी कैमरा का फुटेज भी देखा, ताकि चोरों का आसानी से पता लगाया जा सके। एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए चोरों का पता लगाने में पुलिस जुटी है।

Popular Articles