
सादात (गाजीपुर)। सैदपुर-सादात मार्ग पर स्थानीय बस स्टैंड के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन परीक्षार्थियों सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अलग अलग निजी चिकित्सक में उपचार कराया गया।जानकारी के अनुसार, वाराणसी के डुबकियां पहाड़िया निवासी प्रद्युम्न यादव अपनी बहन प्रतिमा यादव और चचेरी बहन सतिमा यादव को बाइक से लेकर सादात के मरदापुर स्थित कॉलेज में राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सादात की तरफ से बुढ़नपुर निवासी राहुल राम (28) बाइक से आ रहा था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह सामने से आ रहे बाइक सवार प्रद्युम्न से टकरा गया। इस भिड़ंत में तीनों परीक्षार्थियों समेत सभी चार लोग चोटिल हो गए। तीनों परीक्षार्थी को नजदीक के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उनकी मरहम-पट्टी की गई। इनमें प्रतिमा को मामूली चोट लगी। वहीं राहुल का थाना रोड पर स्थित निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि उन्हें इस घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।



