
नगसर (गाजीपुर)। सोनहर वन स्थित जमानिया क्षेत्र के सोनहरिया गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माघ शुक्लपक्ष की तेरस तिथि को बाबा सिद्धनाथ का वार्षिक पूजन श्रद्धा, आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र एवं ग्रामीणों के सहयोग से विधि-विधानपूर्वक बाबा का पूजन-अर्चन किया गया। मंदिर के पुजारी पं0 विनोद तिवारी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई । पूजन के उपरांत परंपरागत विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के कई जिले के पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल में चार से छह हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां हुईं। कुश्ती में सुरेमनपुर के राजेश पहलवान और जंगीपुर के राकेश पहलवान के बीच मुकाबले में राकेश पहलवान विजयी रहे।इनवां के लोहा पहलवान ने भीमपुरा के राणा पहलवान को पराजित कर जीत दर्ज की।कछोरा के सुनील पहलवान ने वाराणसी सारनाथ के इरफान पहलवान को हराकर शानदार विजय प्राप्त की।वाराणसी सारनाथ के नरसिंह पहलवान और सरवां (मऊनाथ भंजन) के सत्यपाल पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।वहीं वाराणसी सारनाथ के राजेश पहलवान और चंदौली के सूरज पहलवान के बीच हुए मुकाबले में राजेश पहलवान विजेता बने।दंगल देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बसन्त यादव, अजय राय, प्रवीण राय, अरुण राय, बिपुल राय, सुनील राय, केशव राय, अंशु पाण्डेय, कृपा राय, महेश राय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




