
गाजीपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) पर भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे लगातार हमलों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा को बजट कटौती, भुगतान में देरी और काम की उपलब्धता घटाकर कागजों तक सीमित करना चाहती है। यह गरीबों के खिलाफ सुनियोजित साजिश है। भाजपा सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। यह सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सेवा में लगी है और गांव के मजदूरों को बेरोजगारी, भूख और पलायन की ओर धकेल रही है। मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि गरीबों का संवैधानिक अधिकार है। इस पर हमला लोकतंत्र और संविधान दोनों पर हमला है।मनरेगा कोऑर्डिनेटर आनंद राय ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर मनरेगा को खत्म करना चाहती है। मजदूरों को महीनों मजदूरी नहीं मिलती, काम के दिन घटाए जाते हैं और गांव के गरीबों को अपमानित किया जाता है। यह सरकार गरीबों की नहीं, कारपोरेट घरानों की सरकार है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।” यदि मनरेगा के साथ हो रहे इस अन्याय को तुरंत नहीं रोका गया, तो कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन छेड़ेगी और भाजपा सरकार को गांव-गांव में बेनकाब करेगी। प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पीसीसी सदस्य जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव ,चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली, राशिद, राज कपूर रावत, कमलेश्वर शर्मा, संजय गुप्ता, देवेंद्र सिंह, गयासुद्दीन तथा राहुल सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।




