
रेवतीपुर (गाजीपुर)। ब्लॉक परिसर में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कृषि कल्याण केंद्र में मानकों की अनदेखी की शिकायत पर शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, ए.के. पांडेय एवं भाजपा नेता पियूष राय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के अचानक पहुंचने से निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने पहले भवन का चारों तरफ निरीक्षण किया। इसके बाद नींव की खुदाई कर निर्माण गुणवत्ता की जांच की गई। जांच के दौरान निर्माण कार्य में कई गंभीर खामियां सामने आईं। जिसके चलते जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा नेता पियूष राय ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ही निर्माण में अनियमितता सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। इस मामले को लेकर वे स्वयं जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। मौके पर उपस्थित यूपी सिडको के एई अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई है, जिसके आधार पर कार्य रोक दिया गया है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, लल्लन सिंह, विवेक शर्मा, हरिपाल राय, अंजनी, विनोद पांडेय, दरोगा राय, विपिन राय, नवीन एवं पप्पू राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




