
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गो-आश्रय स्थलों के सम्बन्ध में जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक राईफल क्लब में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण के लिए चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की समीक्षा की ।जिसमें प्रगति कम पाये जाने पर रोष व्यक्त करते हुए समस्त खण्ड विकास अधिकारी को अभियान चलाकर एक सप्ताह में चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को विकास खण्ड स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानक के अनुरूप कराने के निर्देश दिए तथा जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साईलेज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों में रखे गोवंशों की सुरक्षा को लेकर सभी एसडीएम एवं तहसीलदार को गोआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ सन्तोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, डा० अरविन्द कुमार शाही, नोडल अधिकारी गौशाला डा० राकेश कुमार गौतम, सभी एसडीएम,खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, एवं गोआश्रय स्थलों के सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।




