Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

spot_img

आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया

रेवतीपुर (गाजीपुर)। सुहवल थाना क्षेत्र के ईजरी गांव में अपने मामा के घर आए सात वर्षीय मासूम छात्र विशाल यादव के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने के 17 घंटे बाद भी कोई सुराग न मिलने से नाराज परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को ईजरी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। राजमार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे। ग्रामीणों का कहना था कि पहले मासूम बच्चे की सकुशल बरामदगी करिये। इसके बाद जाम समाप्त होगा। राजमार्ग जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के बाद पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर मासूम को ढूंढ लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त किया। पुलिस को दी गई तहरीर में लापता मासूम के मामा सुब्बा यादव ने बताया कि उनका भांजा विशाल यादव, जो बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी सिहोरता गांव का निवासी है।, एक दिन पहले ही ईजरी गांव आया था। सोमवार की शाम वह पास के गांव में भागवत कथा सुनने गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता मासूम की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जाम समाप्त करा दिया गया है और लापता बच्चे को खोजने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मासूम विशाल को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Popular Articles